01 मई 2009

शब्दकार के दो माह और आपका आभार

आप सब सुधी पाठकों और रचनाकारों के सहयोग से शब्दकार ब्लाग को संचालित करते हुए दो माह हो गये हैं। यद्यपि समय के हिसाब से बहुत ही उपलब्धि वाला काल इसलिए नहीं कहा जायेगा क्योंकि दो माह बहुत बड़ी समयावधि नहीं होती है।
01 मार्च 2009 से ब्लाग पर रचनाओं को पोस्ट करना प्रारम्भ किया था। इस दौरान कई आलेख, कवितायें, कहानियाँ आदि प्रकाशन हेतु प्राप्त होतीं रहीं। दो पुस्तकों का भी नियमित रूप से प्रकाशन किया जा रहा है। दो माह की अल्पावधि में इतना कुछ बहुत उल्लासित तो नहीं करता पर निराश भी नहीं करता।


दो माह की इस अवधि में कई तरह से प्रचार का प्रयास किया। कुछ लोगों को टिप्पणी के माध्यम से शब्दकार का प्रचार करना बुरा लगा तो कुछ लोगों ने ई-मेल के द्वारा भी इसके प्रचार को गलत बताया। हो सकता है कि हमारे द्वारा शब्दकार के प्रचार के ये तरीके गलत हों पर किसी ने सही तरीका भी तो नहीं बताया। गलत को गलत बताना तो आसान है पर उसका सही स्वरूप क्या है इसको बताने के लिए खुद में भी शक्ति चाहिए, आत्मविश्वास चाहिए।


इन सबके बाद भी हमारा हमेशा से यही मानना रहा है कि कोई भी कुछ भी पेट से सीख कर नहीं आता। इस तरह के ब्लाग का संचालन कैसे करना है सम्भव है कि हमें मालूम न हो पर हमारी यही कमी हमें कुछ तो सिखा रही है। जीवन इसी सीखने-सिखाने का नाम है।


आप सबके सहयोग के बाद भी और अधिक सहयोग की आवश्यकता है। आप सुधी लेखक, रचनाकार अपनी रचनाओं को शब्दकार में प्रकाशनार्थ भेजकर सहयोग कर सकते हैं। रचनाओं में कहानी, कविता, आलेख, ग़ज़ल, लघुकथा, संस्मरण, पुस्तक आदि के साथ-साथ प्रतिष्ठित साहित्यकारों की रचनाओं को भी प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं।

अपनी रचनाओं को ई-मेल shabdkar@gmail।com पर भेज सकते हैं। आप सबके सहयोग का इंतजार रहेगा। आपका सहयोग हमें और शब्दकार को प्रोत्साहित करेगा। धन्यवाद...

1 टिप्पणी:

Dr. Mahendra Bhatnagar ने कहा…

सब उत्तम है। निश्चय ही, 'शब्दकार' को ग्लोबल ख्याति मिलेगी। आपकी प्रतिभा और श्रम-क्षमता से प्रभावित हूँ।
* महेंद्रभटनागर